देहरा में फोरलेन विवाद पर भड़के पाईसा पठ्ठा के लोग:मीटिंग से नदारद रहे NHAI अधिकारी; अब सोमवार को होगा आर-पार का फैसला

कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र के पाईसा पठ्ठा क्षेत्र में फोरलेन की सर्विस लेन को लेकर उठे विवाद पर गुरुवार को बुलाई गई बैठक उस समय हंगामेदार हो गई, जब तय समय पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भारी रोष फैल गया और वे उग्र हो उठे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पहले से तय कार्यक्रम के बावजूद NHAI की ओर से केवल फोरलेन निर्माण कंपनी का एक कर्मचारी भेजा गया, जबकि अधिकारी स्वयं उपस्थित नहीं हुए। इसी तरह एसडीएम देहरा भी स्वयं नहीं पहुंचे और अपना प्रतिनिधि भेजकर औपचारिकता निभाई, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। भाजपा नेताओं ने जताया विरोध भाजपा नेता वीरेंद्र हैप्पी भूरिया और महिंद्र चंबयाल ने इस लापरवाही पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि जब मामला सैकड़ों दुकानदारों और आम लोगों के रोज़गार से जुड़ा है, तो अधिकारियों की यह उदासीनता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और NHAI इसी तरह टालमटोल करते रहे, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। दुकानदारों ने जताई आजीविका पर संकट की चिंता स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के दौरान पहले ही उनकी पुरानी दुकानें तोड़ी गईं, जिसके बाद भारी आर्थिक बोझ उठाकर उन्होंने नए सिरे से निर्माण किया। अब सर्विस लेन को करीब 10 फुट नीचे किए जाने की योजना से फिर से उनकी दुकानों पर संकट मंडराने लगा है। इससे न केवल दुकानों तक पहुंच बाधित होगी, बल्कि व्यापार भी पूरी तरह चौपट हो सकता है। सोमवार को पहुंचेगी संयुक्त टीम स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने आश्वासन दिया कि अब सोमवार को NHAI, प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेगी और समाधान पर चर्चा करेगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। आंदोलन की चेतावनी फिलहाल लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार को भी अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो वे मजबूरन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और NHAI की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *