धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के मांगरोल गांव में शुक्रवार को एक हादसा हुआ। गांव निवासी हर प्रसाद पुत्र मोतीराम के मकान की छत की पट्टियां अचानक टूटकर नीचे गिर गईं। इस घटना में घर में रखा हजारों रुपए का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। छत की पट्टियां गिरने से घर के कमरों में रखा फर्नीचर, घरेलू उपकरण और अन्य कीमती सामान मलबे में दबकर टूट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, मकान को काफी क्षति पहुंची है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि मकान पुराना होने या निर्माण सामग्री कमजोर होने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।


