लुधिशना की बहू ने विदेश जाकर तोड़ा रिश्ता:पति ने ₹17 लाख खर्च कर भेजा इंग्लैंड; ब्लॉक किया, बाप-बेटी पर FIR

लुधियाना जिले के गांव जुड़ाहा के एक युवक के विदेश में बसने के सपने उस समय चकनाचूर हो गए, जब शादी के बाद लाखों रुपये खर्च कर पत्नी को इंग्लैंड भेजने वाले युवक को ही पत्नी ने ठुकरा दिया। थाना जोधा पुलिस ने गहन जांच के बाद आरोपित पत्नी और उसके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना जोधा के एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता गुरनाम सिंह निवासी गांव जुड़ाहा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके बेटे संदीप सिंह की शादी 5 मार्च 2023 को तेजिंदर कौर के साथ सिख रीति-रिवाजों से हुई थी। इसके बाद 31 जुलाई 2023 को विवाह का पंजीकरण लुधियाना के रजिस्ट्रार कार्यालय में करवाया गया। शिकायत के अनुसार, लड़की पक्ष ने शादी से पहले स्पष्ट कहा था कि उनकी बेटी आईएल्ट्स पास है और वह इंग्लैंड जाना चाहती है। यह भी शर्त रखी गई थी कि शादी उसी घर में होगी जो लड़की को विदेश भेजेगा। तय हुआ कि शादी के बाद तेजिंदर कौर पढ़ाई के आधार पर इंग्लैंड जाएगी और तीन महीने के भीतर अपने पति को भी बुला लेगी। विदेश भेजने और पढ़ाई का पूरा खर्च लड़का पक्ष उठाएगा। 17.27 लाख रुपए खर्च कर भेजा विदेश परिवार का कहना है कि शादी के समय 5 तोले सोने के गहने दिए गए। विदेश रवाना करते समय लैपटॉप, मोबाइल और फीस आदि भी दी गई। जनवरी 2024 में तेजिंदर कौर को इंग्लैंड भेजा गया। उसे विदेश भेजने, फीस और अन्य खर्च मिलाकर कुल 17.27 लाख रुपए खर्च हुए, जिनमें से 10 लाख रुपये का लोन एचडीएफसी बैंक से लिया गया। परिवार आज भी उसकी किश्तें भर रहा है। इंग्लैंड पहुंचते ही तोड़ा संपर्क शिकायतकर्ता के अनुसार, इंग्लैंड पहुंचने के कुछ दिन बाद ही तेजिंदर कौर ने पति संदीप सिंह से बातचीत बंद कर दी और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। 9 सितंबर 2025 को इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई। 17 सितंबर 2025 को दोनों पक्षों में राजीनामा भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद लड़की ने न तो पति को बुलाया और न ही संबंध रखने की इच्छा जताई। 50 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग का आरोप परिवार का आरोप है कि जब संदीप सिंह ने कारण पूछा तो तेजिंदर कौर ने संदेश के जरिए कहा कि वह न तो उसे विदेश बुलाना चाहती है और न ही कोई संबंध रखना चाहती है। इतना ही नहीं, कथित तौर पर 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग भी की गई। पंचायत के माध्यम से समझौते की कोशिश की गई, लेकिन आरोप है कि लड़की पक्ष ने न केवल बात अनसुनी की बल्कि पंचायत में अपमानित कर धमकियां भी दीं। परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में गुरनाम सिंह ने बताया कि इस तनाव के कारण वह स्वयं बीमार रहने लगे हैं और गिरने से उनका कूल्हा भी टूट गया। परिवार आर्थिक और मानसिक सदमे में है तथा कर्ज और ब्याज के बोझ तले दबा हुआ है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार जांच अधिकारी के अनुसार, मामले की गहराई से जांच करने पर सामने आया कि लगभग 17.27 लाख रुपए खर्च कर लड़की को विदेश भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसने पति से संपर्क तोड़ लिया। इसके आधार पर आरोपित तेजिंदर कौर और उसके पिता सुखदेव सिंह निवासी गांव कुलाहड़, मालौद के खिलाफ थाना जोधा में आईपीसी की धारा 406 और 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *