पंजाब के लुधियाना में आज शुक्रवार सुबह नगर निगम जोन-बी स्थित सुविधा सेंटर में जमकर हंगामा हो गया। आधार कार्ड बनवाने और लिंक करवाने के लिए पिछले 4 से 5 दिनों से चक्कर लगा रहे लोगों ने स्टाफ पर लापरवाही और बदसलूकी के आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि रोजाना कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें टाल दिया जाता है। कभी पावर कट, कभी लंच टाइम तो कभी “आज नहीं, कल आना” कहकर वापस भेज दिया जाता है। 4 दिन से आ रहा हूं, बच्चों की पढ़ाई भी हो रही खराब: राज कुमार काम करवाने आए राज कुमार ने बताया कि वह पिछले 4 दिन से आधार कार्ड का काम करवाने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “कभी कहते हैं आज आ जाओ, कभी कहते हैं कल आ जाओ। बच्चों को स्कूल-कॉलेज से छुट्टी दिलाकर लाते हैं, उनकी पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। सुबह 9 बजे से खड़े हैं, लेकिन वेटिंग नंबर तक नहीं दिया गया। स्टाफ मनमर्जी कर रहा है। कोई पानी पीने में व्यस्त है तो कोई मोबाइल पर बात कर रहा है। राज कुमार ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाने पर उसे मोबाइल बाहर फेंकने की धमकी दी गई। पर्ची कल, टोकन आज… फिर भी काम नहीं: कविता आधार लिंक करवाने आई महिला कविता ने बताया कि उन्हें पहले पर्ची दी गई और अगले दिन टोकन नंबर दिया गया, लेकिन काम फिर भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि “छोटे से काम के लिए इतना परेशान किया जा रहा है। जब नंबर आता है तो कभी पावर कट हो जाता है, कभी लंच टाइम हो जाता है। हर कोई जरूरी काम छोड़कर आता है, लेकिन स्टाफ का व्यवहार ठीक नहीं है।” 4 लोग, टोकन सिर्फ 2… वीडियो बनाने पर धमकी: सोनिका महिला सोनिका ने कहा कि वह 4 दिन से चक्कर लगा रही हैं। पहले दिन फॉर्म दिया गया, लेकिन टोकन का समय नहीं बताया गया। “आज मैं अपने भाई और दोनों बच्चों के साथ आई। हम 4 लोग हैं, लेकिन टोकन सिर्फ 2 दिए गए। भाई पर वीडियो बनाने का आरोप लगाकर मोबाइल बाहर फेंकने की धमकी दी गई। सुविधा सेंटर में लोग दुविधा में पड़ने नहीं, सुविधा लेने आते हैं,” उन्होंने कहा। सोनिका ने प्रशासन से अपील की कि मामले पर ध्यान दिया जाए ताकि सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान की छवि खराब न हो। लोगों के बैठने-पानी की भी व्यवस्था नहीं: सिमनजीत सिंह पार्षदपति सिमनजीत सिंह सिम्मू ने कहा कि लोग पूरी तरह परेशान हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्टाफ को बोलने की तमीज नहीं है। बुजुर्गों के लिए बैठने और पानी की उचित व्यवस्था तक नहीं है। सिम्मू ने कहा कि अधिकारी विधायक या मेयर के सामने अच्छा व्यवहार करते हैं, लेकिन उनके जाने के बाद रवैया बदल जाता है। मोबाइल मेरे मुंह पर मारा-ऑपरेटर गीतिका कंप्यूटर ऑपरेटर गीतिका ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह लगातार काम कर रही हैं और उनके पास आधार कार्ड का काम नहीं है, बल्कि वह सिर्फ जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाती हैं।
उन्होंने बताया कि दो लोग उनके केबिन के पास आकर बहस कर रहे थे और वीडियो बनाने लगे। “जब उन्हें वीडियो बनाने से रोका तो उन्होंने मोबाइल मेरे मुंह पर मार दिया। फिलहाल, सुविधा सेंटर में हुए इस विवाद को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अधिकारियों ने चुप्पी साधी है। लोग मांग कर रहे हैं कि आधार से जुड़े कार्यों के लिए टोकन व्यवस्था और स्टाफ की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


