हनुमानगढ़ में पल्लू थाना पुलिस ने गुरुवार रात मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 34 किलो 980 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त जब्त किया है। इस मामले में पंजाब के फाजिल्का जिले के 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पल्लू थाने के सामने मेगा हाईवे पर थानाधिकारी सुरेश मील के नेतृत्व में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक क्रेटा कार को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 34 किलो 980 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। दोनों आरोपी पंजाब के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंद्र सिंह (35) और गुरअमनप्रीत सिंह (19) के रूप में हुई है। ये दोनों पंजाब के फाजिल्का जिले के हस्ताकलां गांव के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी डोडा-पोस्त को पंजाब की ओर ले जा रहे थे। पुलिस को संदेह है कि ये दोनों किसी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। इस संबंध में भी गहनता से जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच खुईया थानाधिकारी राधेश्याम को सौंपी गई है।


