पंजाब के फरीदकोट जिले में सीआईए स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए 32 बोर की एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामू निवासी गांव भैन, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में फरीदकोट के फिरोजपुर रोड स्थित गुरु रामदास कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह की निगरानी में एएसआई गुरबचन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान फिरोजपुर रोड पर मौजूद थी। जब पुलिस टीम बुलेट एजेंसी के पास पहुंची, तो एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह खिसकने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू किया। तलाशी में बरामद हुई पिस्टल और कारतूस तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 32 बोर की एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। रिमांड पर लेकर खंगाले जाएंगे लिंक डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि बरामद हथियार के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा सकें। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी यह हथियार कहां से लाया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।


