पंजाब में फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल से मोबाइल फोन बरामद होने का सिलसिला जारी है। जेल प्रशासन ने विभिन्न बैरकों में सर्च ऑपरेशन के दौरान 17 मोबाइल फोन लावारिस हालत में बरामद किए गए हैं। जेल प्रशासन ने सिटी थाना पुलिस को शिकायत भेजकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत केस दर्ज करवाया है। जेल के सहायक अधीक्षक कमलजीत सिंह के अनुसार, जेल प्रशासन समय-समय पर बैरकों समेत जेल परिसर की सर्च करता रहता है। सर्च अभियान में 17 मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिले है। बता दें कि इससे पहले भी जेल से कई बार मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किए जा चुके हैं। पिछले माह जनवरी 2026 में जेल से अलग अलग दिन सर्च के दौरान कुल 24 मोबाइल फोन पकड़े गए थे जबकि इससे पहले फरवरी माह में भी तीन बार की सर्च में 21 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके है, जिससे फरवरी में बरामद मोबाइल फोनों की संख्या 38 हो चुकी है। ऐसे में जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे है। इन मोबाइल फोनों के माध्यम से अपराधियों द्वारा जेल से अपना आपराधिक नेटवर्क चलाया जा रहा है। बरामद मोबाइल्स की जांच करवाएगी- डीएसपी डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि जेल में लावारिस हालत में मिले मोबाइल फोनों की पुलिस द्वारा टेक्निकल सेल से जांच करवाई जाएगी और इसका प्रयोग करने वाले कैदियों व हवालातियों की पहचान कर उन्हें केस में नामजद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार जेल प्रशासन के साथ मिलकर जेल के भीतर व बाहर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।


