पार्टी में जाने पर रोक-टोक करती थी पत्नी:पति ने गला दबाकर कर दी हत्या, पीएम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

चार दिन पहले अज्ञात कारणों के चलते हुई महिला की मौत का मामला हत्या का निकला है। पार्टी में जाने नहीं देने व चरित्र शंका करने पर नाराज पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। हत्या का खुलासा पीएम रिपोर्ट से हुआ है। बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया 14 दिसंबर 24 को थाना क्षेत्र अंतर्गत बुलबुल (21) पति राकेश चौधरी निवासी ग्राम झर संदला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मर्ग कायम कर मामले की जांच की। मृतिका बुलबुल की पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाने से सांस रुकना पाया गया। पीएम रिपोर्ट में आए तथ्यों को देखते हुए हत्या का केस दर्ज किया। पति से कड़ी पूछताछ करने पर बताया की पत्नी बुलबुल उसे पार्टी में नहीं जाने देती थी। उससे लड़ाई झगड़ा करती थी। चरित्र शंका करती रहती थी। इस कारण 14 दिसंबर 2024 को घर के पीछे वाले कमरे में गला दबाकर पत्नी बुलबुल की हत्या कर दी। 5 साल पहले हुई शादी मृतिका इंदौर जिले के देपालपुर तहसील की रहने वाली थी। पांच साल पहले वर्ष 2019 में शादी हुई थी। दो साल का बेटा चित्रांश है। पति द्वारा गला दबाने के बाद 14 दिसंबर को मेडिकल कॉलेज लेकर आया था। डॉक्टरों ने मृत घोषित करने के बाद पुलिस ने अज्ञात कारण के चलते मौत होने पर मर्ग कायम किया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का मामला निकला। इसके बाद पुलिस ने पति राकेश चौधरी (23) निवासी झर संदला थाना बिलपांक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *