मोगा में अवैध हथियार समेत दो बदमाश अरेस्ट:पाकिस्तानी तस्कर से मंगवाए, वारदात को अंजाम देने की योजना, 5 पिस्तौल, मैगजीन- कारतूस बरामद

पंजाब में मोगा पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से पांच पिस्तौल, छह मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में से एक आरोपी पाकिस्तानी तस्कर के संपर्क में था और उसने पाकिस्तान से ही हथियार मंगाए थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि यह कार्रवाई असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सीआईए स्टाफ मोगा द्वारा की गई।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लखविंदर सिंह निवासी रत्तोके, तरणतारन और निशान सिंह निवासी लाहोके, तरणतारन अवैध हथियारों के साथ मोगा में घूम रहे हैं। आरोपी कोटकपूरा बाइपास फ्लाई ओवर के नीचे दिल्ली कॉलोनी के पास किसी का इंतजार कर रहे थे। एएसआई लवजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना को विश्वसनीय मानते हुए तुरंत कार्रवाई की। बताए गए स्थान पर छापा मारकर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान बरामद हुए हथियार तलाशी के दौरान, लखविंदर सिंह के पास से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल, एक देसी 32 बोर पिस्तौल, दो 30 बोर पिस्तौल मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद हुए। निशान सिंह के कब्जे से एक देसी 30 बोर पिस्तौल मैगजीन सहित और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी लखविंदर सिंह पाकिस्तान से जुड़े एक तस्कर के संपर्क में था। ये सभी हथियार पाकिस्तान से ही मंगवाए गए थे। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस आगे की जांच में यह पता लगाएगी कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन आपराधिक वारदातों के लिए किया जाना था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *