पंजाब के मोगा में सीवरेज लाइन की मरम्मत के दौरान एक नगर निगम कर्मचारी मिट्टी के तोंदे के नीचे दब गया। इस घटना में कर्मचारी की जांघ में फ्रैक्चर हो गया और पसलियों पर भी दबाव पड़ा है। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह हादसा वीरवार दोपहर उस समय हुआ जब प्रीत नगर वार्ड नंबर-28 में सीवरेज कर्मचारी सौरभ कुमार निवासी वाल्मीकि कॉलोनी अपने साथियों के साथ टूटी पाइपलाइन बदल रहे थे। कार्य के दौरान अचानक मिट्टी का एक बड़ा तोंदा उनके ऊपर आ गिरा, जिससे वे नीचे दब गए। लीकेज के कारण धसीं जमीन जानकारी के अनुसार, प्रीत नगर में पिछले लगभग 25 दिनों से सीवरेज लाइन में लीकेज के कारण जमीन धंसने से एक गहरा गड्ढा बन गया था। स्थानीय पार्षद ने निगम अधिकारियों को इस बारे में कई बार सूचित किया था। निगम बदलवा रहा था पाइप इसके अलावा, अकाली दल के वरिष्ठ नेता संजीत सिंह सनी गिल ने भी निगम प्रशासन को जल्द कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद निगम ने सड़क धंसने के कारणों की जांच और पाइप बदलने का काम शुरू किया था। पूर्व मेयर व अन्य कर्मचारियों ने निकाला घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही निगम के पूर्व मेयर बलजीत सिंह चानी घटनास्थल पर पहुंचे और अन्य कर्मचारियों की मदद से सौरभ कुमार को बाहर निकाला। घायल कर्मचारी को तुरंत मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी जांघ में फ्रैक्चर और पसलियों पर दबाव की पुष्टि की। अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप वहीं, म्युनिसिपल फेडरेशन यूनियन के पदाधिकारियों ने इस घटना के लिए निगम अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यूनियन का कहना है कि सुरक्षा प्रबंधों की कमी के कारण यह हादसा हुआ। यूनियन ने घोषणा की है कि शुक्रवार को विरोध स्वरूप नगर निगम का समूचा कामकाज बंद रखा जाएगा।


