उदयपुर जिले के खेरवाड़ा थाना इलाके में हाईवे पर एक जीप पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। इस घटना में डूंगरपुर निवासी जीप ड्राइवर दादा और उनके पास बैठा पोता घायल हो गए। दोनों घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना गुरुवार रात को हुई, जब डूंगरपुर जिले के आमझरा बौखला निवासी कचरा पिता लालू हंगात घोड़ी गांव से सवारियों को लेकर आमझरा जा रहे थे। खेरवाड़ा हाईवे पर सर्विस रोड पर अज्ञात बदमाशों ने उनकी जीप पर पथराव किया। पथराव में जीप ड्राइवर कचरा और उनका पोता पुष्पेंद्र घायल हो गए। गनीमत रही कि जीप में सवार अन्य यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।
हादसे के बाद दोनों घायलों को पहले खेरवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल, उनका उपचार जारी है। घायल के रिश्तेदार जितेंद्र परमार ने घटना की पुष्टि की है।


