शुक्रवार दोपहर को एक बार फिर कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब 1 बजकर 22 मिनट पर आए इस भूकंप से उत्तर से दक्षिण कोलकाता तक बहुमंजिला इमारतें कुछ सेकंड तक हिलती रहीं। अचानक कंपन महसूस होते ही लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई जगह दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, इस बार भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के खुलना में था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 मापी गई। पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके टाकी से इसकी दूरी लगभग 26 किलोमीटर बताई जा रही है। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में भी झटके महसूस किए गए। मेदिनीपुर शहर में जिला शासक कार्यालय के कर्मचारी भी कंपन महसूस करते ही बाहर निकल आए। कई इमारतों में बंद पड़े सीलिंग फैन तक हिलते नजर आए। कुछ पुराने मकानों के झुकने की भी खबर सामने आई है, हालांकि अब तक बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले 3 फरवरी की रात को भी कोलकाता में भूकंप आया था, जिसका केंद्र म्यांमार में था और तीव्रता 6 थी। लगातार आ रहे झटकों से लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


