होली के रंगों के बीच ढूंढाड़ी संस्कृति की छटा बिखेरने के लिए ‘13वीं ढूंढाड़ री धमाल’ का आयोजन 1 मार्च, रविवार को शाम 6 बजे जयपुर स्थित जय क्लब में किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन ढूंढाड़ परिषद द्वारा किया जा रहा है। परिषद के संस्थापक अध्यक्ष विजयपाल कुमावत ने बताया कि परिषद स्थापना के बाद से ही स्थापना दिवस, संक्रांति सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। होली के अवसर पर आयोजित होने वाला ‘ढूंढाड़ री धमाल’ परिषद का प्रमुख वार्षिक आयोजन है, जो इस वर्ष 13वीं बार आयोजित किया जा रहा है। परिषद के महामंत्री अजय विजयवर्गीय ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा विभिन्न मंत्री, विधायक, जयपुर शहर के व्यापार मंडलों के पदाधिकारी एवं अनेक जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम संयोजक मनीष कूलवाल ने बताया कि शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में ढूंढाड़ी शास्त्रीय संगीत, लोकगीत, कच्ची घोड़ी और कालबेलिया नृत्य जैसी पारंपरिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही ख्याति प्राप्त लोकगायक कलाकारों द्वारा होली की धमाल प्रस्तुत कर माहौल को रंगमय बनाया जाएगा।


