भीलवाड़ा में बजरी से भरे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घटना जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह जोजवा गांव के पास त्रिवेणी रोड की है। हादसे में मृतक उदय सिंह ( 25 ) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीनों बाइक से फैक्ट्री पर जा रहे थे, तभी ये हादसा हो गया। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे जानकारी के अनुसार उदय सिंह और उसके दो साथी तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। तीनों युवक मांडलगढ़ के पास एक फैक्ट्री में काम करते थे ओर अपने घर बीगोद से फैक्ट्री में काम पर जा रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उदय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका एक साथी गभीर घायल हो गया, जिसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में रैफर किया गया। वहीं एक अन्य साथी को मामूली चोट आई है, जिसका इलाज बीगोद के सरकारी हॉस्पिटल में चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर ड्राइवर की तलाशी शुरू कर दी है।


