छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नशे में बस चला रहे ड्राइवर के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बारातियों से भरी बस को जब्त कर लिया। बस में 20 से अधिक बाराती सवार थे, जो मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के भटगांव से अभनपुर क्षेत्र के भाटापारा बेलर लौट रहे थे। गुरुवार रात झलमला चौक में यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए चेक पोस्ट पर जवानों को बस ड्राइवर की गतिविधियां संदिग्ध लगी। बस को रोककर जांच की गई तो ड्राइवर शराब के नशे में पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल बस को जब्त कर बालोद कोतवाली थाने में खड़ा कर दिया। दो घंटे बाद दूसरी बस से भेजे गए बाराती इस दौरान बारातियों ने बस छोड़ने की काफी मिन्नतें की, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन छोड़ने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे बाद बस मालिक ने दूसरे ड्राइवर के साथ वैकल्पिक बस भेजी, जिससे से सभी बाराती सुरक्षित अपने घर लौट सके। जानकारी के अनुसार, बाराती मोहला-मानपुर क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रिसेप्शन कार्यक्रम के दौरान चालक ने भी शराब का सेवन कर लिया था और उसी हालत में बस चला रहा था, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। दो महीने में 4 बसें और 30 से अधिक ट्रक जब्त बालोद यातायात पुलिस ने पिछले दो महीनों में अभियान चलाकर 4 यात्री बसों और 30 से अधिक ट्रकों को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में जब्त किया है। यातायात टीआई रविशंकर पांडेय ने बताया कि एसपी योगेश पटेल के निर्देशन में जिले के विभिन्न मुख्य मार्गों पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहनों को जप्त कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुवार रात की कार्रवाई में बारातियों से भरी एक बस सहित 4 ट्रक चालकों को भी शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। आम जनता की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


