मोहाली के थाना सिटी खरड़ क्षेत्र में एक स्थानीय कारोबारी से अंतरराष्ट्रीय नंबर के जरिए 4 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। पैसे न देने पर जान से मारने की गंभीर धमकियां दी गई हैं, जिसमें हाल ही में मारे गए राणा बलाचौरिया का नाम भी लिया गया। पुलिस ने इंटरनेशनल मोबाइल नंबर इस्तेमाल करने वाले अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विदेशी नंबर से आया फोन शिकायत के अनुसार, पीड़ित के मोबाइल पर 17 दिसंबर 2025 से एक विदेशी नंबर से लगातार व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आ रहे थे। कॉल करने वाले ने खुद को कौशल चौधरी गैंग का सदस्य बताते हुए 4 करोड़ रुपये की मांग की। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा, “राणा का काम तो कर दिया, अब तू अपना जुगाड़ कर ले। अगर पैसे नहीं दिए तो तेरे साथ भी वही होगा।” परिवार में भय का माहौल इस दौरान धमकी देने वाले ने हाल ही में हुई राणा बलाचौरिया की हत्या का हवाला देकर दहशत फैलाने की कोशिश की। शिकायतकर्ता ने बताया कि राणा उसका दोस्त था। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे लगातार कॉल कर डराया जा रहा है और परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। घर के बाहर की रेकी उसने यह भी जानकारी दी कि 19 दिसंबर 2025 की देर रात कुछ संदिग्ध लोग उसके घर के बाहर घूमते हुए भी दिखाई दिए थे, जिससे आरोपियों द्वारा रेकी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को आने वाली कॉल रिकॉर्डिंग भी मुहैया करवाई गई है। आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की मांग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(2) और 3(5) के तहत अज्ञात मोबाइल नंबर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। तकनीकी जांच के जरिए कॉल और व्हाट्सएप संदेशों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


