बारां शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और नगर परिषद ने एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाना है। यातायात प्रभारी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में एक टीम ने धर्मादा चौराहा से अस्पताल रोड, मंडी और कॉलेज रोड तक सघन कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटवाया गया और अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई। अभियान के तहत दुकानदारों, बैंक शाखा प्रबंधनों, रेस्टोरेंट संचालकों और वाहन सवारों को मौके पर ही समझाइश दी गई। वाहन चालकों को अपने वाहन सड़क पर निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही खड़े करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटने की भी चेतावनी दी गई। टीआई ने बताया कि इस मार्ग पर कई बैंक शाखाएं, होटल और दुकानें संचालित हैं, जहां ग्राहकों की अधिक आवाजाही के कारण अक्सर अव्यवस्थित पार्किंग से जाम लग जाता है। बैंक और होटल प्रबंधन को अपने गार्ड के माध्यम से पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। टीआई ने यह भी बताया कि शहर को जाममुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


