देशभर में 18 फर्जी पॉलिसी से 58 लाख हड़पे:केवाईसी बदलकर धांधली, फर्जीवाड़े में इंश्योरेंस कंपनी के 3 कर्मचारी गिरफ्तार

डूंगरपुर पुलिस की स्पेशल टीम और कोतवाली थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर बीमा पॉलिसी की लाखों की राशि हड़पने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में इंश्योरेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने देशभर में 18 फर्जी बीमा पॉलिसियों के जरिए 58 लाख रुपये का गबन किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। डूंगरपुर जिले के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि एडलवाइस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के फ्रॉड कंट्रोल यूनिट के अधिकारी विजय गिरी ने इस संबंध में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि कंपनी की डूंगरपुर और उदयपुर शाखा के कुछ कर्मचारी पुराने पॉलिसी धारकों के फर्जी दस्तावेज बनाकर बीमा राशि निकाल रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की स्पेशल टीम और कोतवाली थाना पुलिस ने डूंगरपुर शहर के शास्त्री मार्ग पर स्थित रिलायंस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (जिसे अब इंडसइंड निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ने अधिग्रहित कर लिया है) पर छापा मारा। टीम ने मौके से सभी दस्तावेज, कंप्यूटर और मोबाइल जब्त किए।
पुलिस ने डूंगरपुर शाखा में कार्यरत कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव सूरज कुमार श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सूरज ने उदयपुर शाखा में कार्यरत अपने दो साथियों मयंक और जगदीश के साथ मिलकर गबन करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने सूरज श्रीवास्तव के साथ मयंक और जगदीश को भी गिरफ्तार कर लिया। ठगी का अनूठा तरीका
यह गैंग उन पॉलिसी धारकों को निशाना बनाती थी जिनकी या तो मृत्यु हो चुकी थी, जो गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे, या जिनकी पॉलिसी का क्लेम लंबे समय से लंबित पड़ा था। आरोपी सिस्टम में जाकर पॉलिसी धारक का मोबाइल नंबर, बैंक खाता और केवाईसी बदल देते थे। ये असली धारक के नाम से मिलते-जुलते नाम वाले फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक तैयार करते थे। पॉलिसी का पैसा कंपनी से सीधे उन फर्जी खातों में ट्रांसफर करवा लिया जाता था और बाद में आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल कंप्यूटर, मोबाइल फोन, प्रिंटर, फर्जी चेक बुक, फर्जी आधार कार्ड और जाली मोहरें बरामद की हैं। जांच में सामने आया है कि इस गैंग ने राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, पश्चिम बंगाल, असम और बिहार के 18 लोगो को अपना शिकार बनाते हुए 58 लाख रुपए का गबन किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *