डीडवाना में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान-जयपुर द्वारा मनोनीत स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने डीडवाना शहर का दौरा किया और स्थानीय टाउन हॉल में बैठक की अध्यक्षता की। इसमें जिले की सभी नगरीय निकायों, रूडीप प्रोजेक्ट और जे.जे.एम. योजना से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तृत चर्चा हुई। ब्रांड एंबेसडर गुप्ता ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत घरों से कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा सॉफ्टवेयर के माध्यम से नियम उल्लंघन पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों की नियमित सफाई, शहर के खाली भूखंडों की सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार पेनल्टी व सीज की कार्रवाई करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, बाग-बगीचों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने और स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के लिए आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। गुप्ता ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने तथा इसके उल्लंघन पर नियमित जब्ती एवं जुर्माने की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में डीडवाना उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी, नगर परिषद डीडवाना आयुक्त भगवान सिंह, परबतसर अधिशाषी अधिकारी महेन्द्र सिंह चारण, बोरावड़ अधिशाषी अधिकारी धर्माराम चोयल, खाटू खुर्द अधिशाषी अधिकारी हिम्मत सिंह, अधीक्षण अभियंता जलदाय विभाग मुकेश गर्ग, रूडीप प्रोजेक्ट के अधिशाषी अभियंता राजकुमार, सहायक अभियंता नगर परिषद मकराना सहदेव सबल, सहायक अभियंता रामेश्वर जाट, नगर परिषद डीडवाना सहायक अभियंता दलीप सिंह निरबान, कनिष्ठ अभियंता पन्ना राम गुर्जर व दिलीप कुमार सहित विभिन्न निकायों के अधिकारी, कर्मचारी और स्वच्छ भारत मिशन के एमआईएस इंजीनियर मौजूद रहे। सभी बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में डीडवाना-कुचामन जिले की रैंकिंग बेहतर हो सके।


