आगामी त्योहारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर:अफवाहों से दूर रहने की अपील, डीडवाना कलेक्टर ने CLG सदस्यों से की चर्चा

डीडवाना में आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने की। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, डीएसपी जेठूसिंह सहित शांति समिति के प्रबुद्ध सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर डॉ. खड़गावत ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। उन्होंने समिति सदस्यों से समाज में सेतु की भूमिका निभाने और किसी भी भ्रामक सूचना, अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील की। बैठक में 2 मार्च को होली, 3 मार्च को धूलंडी और पवित्र रमजान माह के शांतिपूर्ण आयोजन पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला स्तरीय शांति समितियों और कम्युनिटी लाइजनिंग ग्रुप (CLG) को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, स्थानीय स्तर पर लंबित सांप्रदायिक मुद्दों और पुराने विवादों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने कानून-व्यवस्था के प्रति प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। तोमर ने कम्युनिटी लाइजनिंग ग्रुप की नियमित बैठकों की आवश्यकता पर भी बल दिया। समिति सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को दर्ज किया गया। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि प्राप्त फीडबैक का उचित उपयोग किया जाएगा। अंत में, सभी सदस्यों ने आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *