चूरू के सोमासी गांव के दो सगे भाइयों ने मेडिकल शिक्षा और मानव सेवा के लिए मृत्यु उपरांत अपनी देह दान करने का संकल्प लिया है। रामकुमार सुण्डा और रणजीत सिंह सुण्डा ने स्वेच्छा से देहदान के फॉर्म भरकर यह निर्णय लिया। देहदान संकल्प के इस अवसर पर चूरू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार ने दोनों भाइयों का स्वागत किया। डॉ. पुकार ने बताया कि यह कदम न केवल मेडिकल विद्यार्थियों के अध्ययन में सहायक होगा, बल्कि समाज में अंगदान और देहदान के प्रति सकारात्मक सोच को भी मजबूत करेगा। डॉ. पुकार ने जानकारी दी कि दोनों भाई अपने गुरुजनों और चूरू में चलाए जा रहे अंगदान जागरूकता अभियान से प्रेरित होकर आगे आए हैं। उनका यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। डॉ. पुकार के अनुसार, चूरू मेडिकल कॉलेज में अब तक 42 लोग देहदान के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। ऐसे संकल्प मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ मानव सेवा की भावना को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाते हैं।


