शांति से त्योहार मनाने, अफवाहों से दूर रहने की अपील:धौलपुर कलेक्टर-एसपी ने CLG सदस्यों से की चर्चा

धौलपुर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने की। बैठक की शुरुआत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा द्वारा सीएलजी सदस्यों का परिचय एवं बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत करने से हुई। जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सीएलजी सदस्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने सीएलजी सदस्यों को आमजन और पुलिस के बीच सेतु बताया। उन्होंने निष्पक्ष फीडबैक देने तथा सामाजिक सद्भाव एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। आगामी मार्च–अप्रैल 2026 में होलिका दहन, धुलण्डी, शीतला सप्तमी/अष्टमी, रंग तेरस, चेटीचण्ड, जुमातुल विदा, ईद-उल-फितर, रामनवमी, महावीर जयंती, गुड फ्राइडे, डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती, वैशाखी एवं परशुराम जयंती सहित विभिन्न पर्वों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। बैठक में सदस्यों ने शहर की यातायात व्यवस्था, अवैध अतिक्रमण, नीचे लटकते बिजली तार, स्कूल-कॉलेजों के बाहर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां, महिला सुरक्षा, नशेड़ियों पर कार्रवाई तथा हाईवे पर अवैध कब्जों जैसे मुद्दों पर सुझाव दिए। अधिकारियों ने सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि प्रत्येक उपखंड में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन कर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में वृताधिकारी कृष्ण राज जांगिड़, विभिन्न थानाधिकारी एवं जिला स्तरीय सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *