धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सागर पाड़ा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान मसूदपुर निवासी प्रेमादेवी पत्नी आसाराम के रूप में हुई है। वह अपने बेटे के साथ बाइक पर नीम की बसई में एक गमी में शामिल होने जा रही थी। पीछे से आए ट्रक की टक्कर से प्रेमादेवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा सुरक्षित बच गया। प्रेमादेवी अपने पीछे पति और तीन बेटों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी। परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत ने पुलिस और कर्मचारियों की मदद से ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। ट्रक को कोतवाली थाने में खड़ा करवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


