कांग्रेस ने अवैध पेड़ कटाई, लकड़ी तस्करी पर रोक की:कोंडागांव वनमंडलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जांच और कार्रवाई की मांग

कोंडागांव ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने कोंडागांव जिले में हो रही अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी पर रोक लगाने के लिए वनमंडलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी की तस्करी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। कांग्रेस ने बताया कि आम, इमली, बरगद और सेमल जैसे पेड़ अंधाधुंध कटाई के कारण विलुप्त होने के कगार पर हैं। ग्रामीणों से मिली शिकायतों के अनुसार, लकड़ी तस्करों का एक संगठित सिंडिकेट सक्रिय है, जो हरे-भरे पेड़ों को काटकर भारी वाहनों के माध्यम से जिले से बाहर तस्करी कर रहा है। ज्ञापन में इस बात पर चिंता व्यक्त की गई है कि जिले में वन विभाग के चेक पोस्ट स्थापित होने के बावजूद ऐसी अवैध गतिविधियां जारी हैं। इससे न केवल पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है, बल्कि वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निम्नलिखित मांगें की हैं: 1. अवैध कटाई एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। 2. संबंधित वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। 3. जिले में वन क्षेत्रों की सतत निगरानी एवं चेक पोस्ट व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। 4. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। ज्ञापन के माध्यम से यह भी निवेदन किया गया है कि पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर विषय पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ऐसा न होने पर कांग्रेस पार्टी जनहित में लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष झूमुक दीवान, जिला कांग्रेस महामंत्री रितेश पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन, शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, कमलेश दुबे, नंदू दीवान, सनी चोपड़ा और ओम मरकाम सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *