दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर 2.14 लाख रुपए की नकदी चोरी करने वाले दो अंतर्राज्यीय चोरों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सायबर तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को नेहरू नगर चौक से उस वक्त पकड़ा, जब वे अपने गृह राज्य ओडिशा भागने की फिराक में थे। उनके कब्जे से चोरी की गई पूरी नकदी बरामद कर ली गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुपेला निवासी प्रार्थी यमिल वर्मा ने 17 फरवरी 2026 को थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को उनके मकान की लोहे की अलमारी में 500, 200 और 100 रुपए के नोटों की गड्डियां रखी थीं। 16 फरवरी को परिवार की महिला सदस्य विवाह कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल गई हुई थीं। अलमारी से नकदी गायब 17 फरवरी की सुबह जब अलमारी खोली गई तो उसमें रखी नकदी गायब मिली। हालांकि, सोने के आभूषण सुरक्षित पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि चोरों का निशाना केवल नकदी थी। इस मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 272/2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। सायबर तकनीकी जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान हुई। लगातार निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 27 फरवरी को पुलिस को खबर मिली कि आरोपी नेहरू नगर चौक में मौजूद हैं और उड़ीसा भागने की तैयारी में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नेहरू नगर चौक पर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 2,14,000 रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली है। प्रकरण में धारा 49, 54, 61 बीएनएस भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपी उड़ीसा के निवासी हैं और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


