जयपुर के रामबाग स्थित सुबोध महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को नोबल पुरस्कार विजेता सर सी.वी. रमन की रमन प्रभाव खोज के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने पोस्टर, मॉडल और पादप प्रदर्शनी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान विश्वविद्यालय के भौतिक शास्त्र विभाग से डॉ. नरेंद्र जाखड़ रहे। उन्होंने प्रतियोगियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही भविष्य में ऐसे और आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर रेणु जोशी और उपप्राचार्या डॉ. इंदु शर्मा ने अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने छात्राओं को विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में योगदान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. रूचि साबू, डॉ. विजय लक्ष्मी गुप्ता, डॉ. सपना खंडेलवाल और डॉ. शर्मिला पोखरना का विशेष योगदान रहा।


