वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार, कार बरामद:तीन महीने पहले हुई घटना में पुलिस कर रही थी तलाश, दो पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

जगराओं में लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर मोगा साइड स्थित शुगर मिल के पास खाली प्लॉट से कार चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को तीन महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंदिरा कॉलोनी, जगराओं निवासी मनजोत सिंह उर्फ लालू के रूप में हुई है। बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि मलक चौक टी-प्वाइंट के पास नाकाबंदी के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि शुगर मिल के पास से कार चोरी करने वाला युवक बाइक पर मलक साइड से जगराओं की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। इससे पहले इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ऐसे हुई थी वारदात करीब तीन महीने पहले कोमलवीर सिंह उर्फ कोमल निवासी जंडी रसूलपुर अपनी कार (PB 56 A 3312) से अजीतवाल जा रहा था। कोठे अठ्ठ चक के पास स्लिप रोड पर उसे बाथरूम की जरूरत महसूस हुई, तो उसने कार शुगर मिल के नजदीक खाली प्लॉट में खड़ी कर दी। पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह झाड़ियों की ओर गया, बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। अचानक एक युवक कार में बैठा और गाड़ी लेकर फरार हो गया, जबकि बाकी दो युवक बाइक पर उसके पीछे निकल गए। बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी होने के कारण नंबर स्पष्ट नहीं दिखा। सीसीटीवी और मोबाइल डंप डेटा से मिला सुराग घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, इसलिए पुलिस ने आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल डंप डेटा की मदद से आरोपियों की पहचान की। लगातार जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *