छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। जिसके तहत पुलिस की संयुक्त टीम ने 9 वाहनों में लोड 140 टन अवैध स्क्रैप को पकड़ा है। जहां स्क्रैप समेत कुल 1.60 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली कि ओडिसा से ट्रक, माजदा और पिकअप वाहनों में अवैध स्क्रैप (लोहा, टीन, झड़ टुकड़े एवं मोटर पार्ट्स) लोड कर रायगढ़ जिले के गेरवानी और पूंजीपथरा क्षेत्र में लाया जा रहा है। जिस पर तत्काल एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साइबर थाना, कोतवाली और जूटमिल थाना पुलिस को हाईवे और अंदरूनी रास्तों पर नाकेबंदी कर कार्रवाई के निर्देश दिए। ऐसे में जूटमिल पुलिस ने गढ़उमरिया ओडिसा मेन रोड पर नाकेबंदी कर तीन ट्रकों में लोड लगभग 85 टन स्क्रैप पकड़ा। वहीं कोतवाली और साइबर थाना पुलिस ने उर्दना के पास नाकेबंदी कर 6 अन्य वाहनों को पकड़ा, जिनमें लगभग 54 टन स्क्रैप लोड पाया गया। पकड़े गए वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
स्क्रैप का दस्तावेज पेश नहीं कर सके
पूछताछ में वाहन चालकों द्वारा स्क्रैप को ओडिसा से रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा और गेरवानी क्षेत्र में ले जाना बताया गया। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर थाना कोतवाली और जूटमिल में वाहन चालकों के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNS व धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा 5 ट्रक, 3 माजदा और 1 पिकअप वाहन समेत कुल 139.5 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया गया है।
आरोपियों को जेल भेजा जा रहा
इस संबंध में SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चोरी या अवैध संपत्ति के परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। 9 वाहनों समेत 1.60 करोड़ का स्क्रैप पकड़ा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
1. उज्जवल कुमार सिंह, निवासी गया बिहार
2. मोहम्मद खालिद, निवासी नालंदा बिहार
3. राणा सिंह, निवासी पिथौरा महासमुंद
4. मनीराम, निवासी जैजेपुर जिला सक्ती
5. युधिष्ठिर दास, निवासी अम्बाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा
6. मोहनलाल सारथी, निवासी रेगड़ा रायगढ़
7. भूषण साह, निवासी बृजराजनगर झारसुगुड़ा उड़ीसा
8. करतार सिंह, निवासी बरगढ़ उड़ीसा
9. सुभाष कुमार मांझी, निवासी खम्हार जिला अंगुल ओडिशा


