अवैध प्लाटिंग पर नगर निगम की कार्रवाई:धमतरी में शीतला मंदिर के पास 2 एकड़ कृषि भूमि पर चला बुलडोजर

धमतरी नगर निगम ने शुक्रवार को अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। शीतला मंदिर के पास स्थित 2 एकड़ कृषि भूमि पर भू-माफिया अवैध प्लाटिंग कर रहे थे। इस मामले में निगम ने पहले नोटिस जारी किया था, लेकिन भू-माफिया द्वारा कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए। इसके बाद निगम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई की। भू-माफिया ने इस जमीन पर मुरुम बिछाकर अवैध रूप से सड़क का निर्माण कर दिया था। निगम की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कृषि भूमि की प्लॉटिंग कर महंगे दामों में बेच रहे भू-माफिया धमतरी जिले में भू-माफिया किसानों से कृषि भूमि को सस्ते दामों में खरीदकर अवैध प्लाटिंग का काम कर रहे हैं। शहर के चारों दिशाओं में भू-माफिया बिना भूमि परिवर्तन के कृषि भूमि को प्लॉट में बांटकर महंगे दामों में बेच रहे हैं। एक ताजा मामला गोकुलपुर से सामने आया है, जहां शीतला माता मंदिर के पास भू-माफिया द्वारा अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इस पर निगम को शिकायत मिली, जिसके बाद निगम ने नोटिस जारी किया। नोटिस का पालन न करने पर निगम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। 2 एकड़ कृषि भूमि पर की गई थी अवैध प्लाटिंग बताया गया कि करीब 2 एकड़ कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। मौके पर 15 फीट की 3 सड़कें और 20 फीट का एक रास्ता तैयार किया गया था। कई सौ ट्रिप मुरुम और बोल्डर का मिश्रण डालकर सड़क बनाई गई थी, और रोलर से इसे समतल किया गया था। निगम प्रशासन ने शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई शुरू की, और बिल्डिंग परमिशन अधिकारी लोमश देवांगन की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध सड़क को बुलडोजर से उखाड़ दिया। मुरुम और बोल्डर की कई ट्रिप को निगम ने जब्त किया, और बाकी मलबे को रास्ते को नुकसान पहुंचाकर खेत में फैला दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *