दौसा में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में शुक्रवार शाम को सवर्ण समाज ने मशाल जुलूस निकालकर रोष जताया। जिसमें बडी तादात में लोग शामिल हुए। शाम को नेहरू गार्डन से शुरू हुआ मशाल जुलूस शहर के प्रमुख रास्तों से होते हुए गांधी सर्किल पर पहुंचा। जहां लोगों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने की मांग की। वक्तों ने कहा कि केंद्र सरकार हिंदू समाज को बांटने की नीति पर काम कर रही है। यूजीसी के नए नियम सवर्ण समाज के खिलाफ और समाज के बच्चों के भविष्य के लिए घातक है। लोगों ने कहा कि समाज को जोड़ने की बात करने वाली सरकार स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय में भेदभाव की खाई पैदा करने का काम कर रही है। हालांकि लोगों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियमों पर लगाई गई रोक का स्वागत किया। लोगों की मांग है कि केंद्र सरकार यूजीसी नियमों को तत्काल प्रभाव से वापस ले। साथ ही जिला मुख्यालय पर एक मार्च को आक्रोश रैली आयोजित करने का भी ऐलान किया गया। इस दौरान व्यापारिक संगठनों से भी प्रतिष्ठानों को बंद कर आंदोलन को समर्थन देने की लोगों ने अपील की। जुलूस के दौरान पुलिस का भारी जाप्ता तैनात रहा।


