रांची|वृहद झारखंड कुड़मी समन्वय समिति के मुख्य संयोजक शीतल ओहदार ने शुक्रवार को बयान जारी कर दावा कि एक मार्च को प्रभात तारा मैदान, धुर्वा में कुड़मी अधिकार महारैली ऐतिहासिक होगी। इसमें पांच लाख से अधिक कुड़मी समाज के लोग जुटेंगे। रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। झारखंड के कुड़मी बहुल क्षेत्रों में गांव-गांव बैठक कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है तथा घर-घर से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। समाज के युवा कार्यकर्ता इस अभियान में युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। यह महारैली झारखंड प्रदेश के कुड़मी नामधारी 18 संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। रैली में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों विकास चौक, नया सराय मोड़, टुंडुल (महतो चौक), सीटीओ मोड़ रिंग रोड, तुपुदाना चौक और रामपुर चौक पर स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। रांची रिंग रोड से सभा स्थल तक पहुंचने के लिए रूट मैप भी जारी किया गया है। ओहदार ने समाज के लोगों से पारंपरिक वेशभूषा में रैली में पहुंचने की अपील की है। कहा, सभी प्रतिभागी अपने वाहनों पर पीला झंडा लगाएं और पीला गमछा साथ रखें। साथ ही पीने का पानी एवं हल्का नाश्ता भी साथ रखने की सलाह दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ विरोधी तत्व आंदोलन को लेकर नकारात्मक प्रचार कर रहे हैं, इसलिए ऐसे लोगों को बयानबाजी से बचना चाहिए।


