भास्कर न्यूज | चाईबासा उद्योगपति बनवारी लाल नेवटिया द्वारा प्रायोजित 33वीं बी एल नेवटिया टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत शुक्रवार को दो मैच खेले गए। पूर्वाह्न दस बजे से खेले गए प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गोप एवं सिंह क्लब बड़ा जामदा की टीम ने चाईबासा क्रिकेट क्लब को एक नजदीकी मुकाबले में 14 रन से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर वहीं अपराह्न एक बजे से खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में आर के क्रिकेट अकादमी सोनुवा ने एक बड़ा उलटफेर करते हुए लारसन क्लब चाईबासा को 13 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गोप एवं सिंह क्लब बड़ा जामदा की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 153 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस टीम की ओर से ओम अर्जुन यादव एवं प्रकाश डांगील ने 29-29 रन, राहुल हेंब्रम ने 23 शुभम ओझा ने 22 तथा कप्तान सरोज महतो ने 16 रन बनाए। चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से कप्तान मनु राज ने 21 रन देकर तीन विकेट तथा सत्यम सिंह ने 22 रन देकर दो विकेट हासिल किए। रोहित बरजो, विकास रजक एवं राहुल राज को एक-एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा क्रिकेट क्लब की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरी टीम 19.1 ओवर में 139 रन जोड़कर आल आउट हो गई। चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से कप्तान मनु राज ने पांच चौके एवं एक छक्का की मदद से 43 रन बनाए जबकि गौरव कुमार ने 34 तथा पियुष कुमार ने 22 रनों का योगदान दिया। गोप एवं सिंह क्लब बड़ा जामदा की ओर से वामहस्त स्पिनर शुभम ओझा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 19 रन देकर चार खिलाड़ियों को चलता किया। सरोज महतो एवं विक्की चौधरी को दो-दो सफलता हाथ लगी जबकि प्रकाश डांगील एवं राहुल हेंब्रम ने एक-एक विकेट हासिल किए। अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आर के क्रिकेट अकादमी सोनुवा की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में पांंच विकेट के नुकसान पर 222 रनों का स्कोर खड़ा किया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अनिमेष पाल ने तीन चौके एवं सात छक्के की सहायता से मात्र तीस गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाए जबकि चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए चिराग राज सिंह ने सात चौके एवं चार छक्के की मदद से 65 रनों की पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में पारी की शुरुआत करने आए इमरान अहमद ने भी अच्छी बल्लेबाजी का परिचय देते हुए मात्र तीस गेंदों पर चार चौके एवं चार छक्के की सहायता से 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। लारसन क्लब की ओर से कुशाग्र यादव, असलम अंसारी, कप्तान हिमांशु पांडेय, मनीष कुमार एवं ललित शुक्ला को एक-एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी लारसन क्लब की शुरुआत काफी धमाकेदार रही।


