पेयजल सुविधा में किसी प्रकार की देरी नहीं चलेगी

भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिला कार्यालय के दिशा सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने की। जहां जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की प्रगति, वित्तीय स्वीकृतियां, अतिरिक्त प्रस्ताव और लंबित समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्युत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों का निराकरण करने की बात कही। ताकि पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। कलेक्टर ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक की शुरुआत कार्यपालन अभियंता द्वारा एजेंडा बिंदुओं की जानकारी से हुई। 29 जनवरी के उपरांत प्राप्त आवंटन और किए गए भुगतान की अनुमोदन प्रक्रिया पर चर्चा की गई। इसके साथ ही नई पाइपलाइन विस्तार तथा फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने कहा कि जिन ग्रामों में विद्युत संयोजन के लिए डिमांड नोट का भुगतान हो चुका है, वहां शीघ्र कनेक्शन दिया जाए। कई ग्रामों में भुगतान के बावजूद विद्युत आपूर्ति नहीं होने से पेयजल योजना प्रभावित हो रही है। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित महिला एवं बाल विकास, विद्युत, जनसंपर्क तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *