महिला की सोने की चेन चोरी, सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक नजर आया

भास्कर न्यूज | बेंगाबाद धार्मिक आयोजन के बीच उस समय हड़कंप मच गया जब बेंगाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर खुरचूटा में आयोजित यज्ञ कार्यक्रम के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ली गई। मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के बांका जिला अंतर्गत ग्राम इनारावरण निवासी 36 वर्षीय बिंदु देवी अपनी बहन अंजनी कुमारी के ससुराल लालपुर खुरचूटा आई थीं, जहां यज्ञ का आयोजन चल रहा था। मंगलवार को वह यज्ञ स्थल पर परिक्रमा कर रही थीं। इसी दौरान भीड़-भाड़ और हल्की धक्का-मुक्की के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब सवा भरी (लगभग डेढ़ तोला) सोने की चेन झपट ली। घटना की जानकारी मिलते ही यज्ञ समिति को सूचित किया गया। समिति की ओर से माइक के माध्यम से घोषणा भी कराई गई, लेकिन चेन का कोई सुराग नहीं मिल सका। चोरी गई चेन की कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। यज्ञ स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है, जिसने चेकदार शर्ट पहन रखी थी। फुटेज में उसके पास लाल साड़ी पहने एक महिला भी नजर आ रही है। वीडियो में युवक ने महिला को कुछ सौंपते हुए देखा गया है, जिससे दोनों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। मामले की लिखित शिकायत बेंगाबाद थाना में दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। गिरिडीह | पचंबा थाना क्षेत्र के बड़की टांड़ निवासी 19 वर्षीय ललीता वास्के शुक्रवार को आग से झुलस गईं, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो गई। उनके पति टिंकू मरांडी ने पत्नी की गंभीर हालत देख तुरंत टेम्पो से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज हेतु उन्हें पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया। टिंकू मरांडी ने बताया कि एक महीने पूर्व उनकी पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया था। घटना के दिन ललीता बच्चे को बोरेसी में बैठाकर आग जलाकर काम कर रही थीं,तभी उनकी साड़ी में आग लग गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *