आंबा कार्यकर्ताओं की रैली आधे घंटे तक सड़क जाम

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर मानदेय वृद्धि और अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी हड़ताल की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शहर में लंबी रैली निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
रैली में जिले भर से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए, जिसकी वजह से रैली की लंबाई एक किलोमीटर से अधिक रही। जिस भी इलाके से रैली गुजरी, वहां सड़क पर आवागमन ठप पड़ गया। कार्यकर्ता धरना स्थल रणजीता तिराहा से रैली निकाल कर देश पांडेय पार्क, जिला अस्पताल, महाराजा चौक, मेन रोड, बस स्टैंड, बजार डांड़, विवेकानंद कॉलोनी, संगम चौक और जिला पंचायत रोड होते हुए कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर कार्यालय की गेट पर तहसीलदार ने कार्यकर्ताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान महाराजा चौक, सन्ना रोड, बस स्टैंड के पास करबला रोड और कॉलेज रोड पर आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। ये हैं कार्यकर्ताओं की मांगें कार्यकर्ताओं की मुख्य मांग है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित किया जाए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रतिमाह 26,000 रुपए और सहायिकाओं को 22,100 रुपए वेतन स्वीकृत किया जाए। मध्यप्रदेश के तर्ज पर प्रतिवर्ष 1000 रुपए वेतन वृद्धि की भी मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, सेवानिवृत्ति लाभ, आकस्मिक मृत्यु पर ग्रेज्युटी मासिक पेंशन और समूह बीमा का लाभ देने की मांग रखी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *