भास्कर न्यूज | जशपुरनगर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बुधवार को पुलिस कार्यालय जशपुर में अनु विभागवार अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, थाना और चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीआईजी ने सभी लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने तथा पुराने मामलों के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय व वरिष्ठ कार्यालयों से जारी परिपत्रों व निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई। आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि हुड़दंगियों, गुंडा बदमाशों, ओवर स्पीड वाहन चालकों और नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। बैठक में गौ-तस्करी, अवैध शराब, गांजा व अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं अंतरराज्यीय मार्गों पर सघन चेकिंग, नाकाबंदी एवं बैरियर लगाकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में एडिशनल एसपी राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी आशा तिर्की, डीएसपी भावेष समरथ सहित सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। टीआई रोज करेंगे पेट्रोलिंग एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कानून व्यवस्था मजबूत रखने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने, विश्वसनीय सूत्रों का नेटवर्क बढ़ाने एवं सूचना देने वालों की गोपनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित सत्यापन कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए थाना प्रभारियों को नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। तीन सवारी बैठाकर दुपहिया चलाने, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने एवं मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वालों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई बढ़ाने को कहा गया।


