जगन्नाथ पुरी में सिख आबादी कम, गुरुद्वारा साहिब के संरक्षण के लिए संगत से मांगा सहयोग

भास्कर न्यूज | लुधियाना ओडिशा के पवित्र धाम जगन्नाथ पुरी में स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी, जिसे श्रद्धालु गुरुद्वारा आरती साहिब के नाम से जानते हैं, सिख इतिहास की एक अनमोल और ऐतिहासिक धरोहर है। यह वही पावन स्थान है, जहां प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी अपनी उदासी यात्राओं के दौरान लगभग वर्ष 1506 से 1510 के बीच पहुंचे थे। इतिहास के अनुसार, जब गुरु नानक देव जी जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, उस समय मंदिर में भव्य आरती हो रही थी। दीपक, घंटियों और शंखों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। परंपरा के अनुसार सभी श्रद्धालुओं को खड़े होकर आरती में शामिल होना था, लेकिन गुरु नानक देव जी शांत भाव से बैठे रहे। जब पुजारियों ने इसका कारण पूछा तो गुरु साहिब ने बताया कि परमात्मा किसी एक स्थान या विधि तक सीमित नहीं है। इसके बाद गुरु नानक देव जी ने गगन मै थाल रवि चंद दीपक बने… शबदों का गायन किया, जो आज आरती साहिब के नाम से प्रसिद्ध है और श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज है। इस आरती में आकाश को थाल, सूर्य और चंद्रमा को दीपक, तारों को मोती और हवा को चंवर बताया गया है। यह संदेश देता है कि पूरी प्रकृति स्वयं परमात्मा की आरती कर रही है। इस मौके पर लुधियाना के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा बीआरएस नगर के प्रधान गुलबहार सिंह ने कहा कि वो इस गुरुद्वारा साहिब को तैयार करवाने के लिए सहयोग देंगे और पूरी उनकी कमेटी दर्शन के लिए भी जाएंगी। गुरुद्वारा अमर शहीद बाबा दीप सिंह मॉडल टाउन एक्सटेंशन के जनरल सेक्रेटरी सुखविंदर पाल सिंह सरना लाली ने भी गुरुद्वारा साहिब के विकास में सहयोग देने का भरोसा जताया। सरना ने बताया कि उनकी कमेंट भी इस पवित्र स्थान को बनाने में सहयोग करेगी। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा खुड्ड मोहल्ला के प्रधान बलजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि हर सिख को आगे आकर इस पवित्र स्थान की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वो भी अपने हलके की संगत लेकर इस पवित्र स्थान के दर्शन भी करेंगे। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा गोल मार्केट जमालपुर के प्रधान गुरदेव सिंह ने बताया कि पंजाब के सिखों को अभी पता भी नहीं है की इस पवित्र स्थान के बारे में जैसे ही उनको पता चला तो उन्होंने भी फैसला लिया इस बार संगत को दर्शन इस जगह पर लेकर जाएंगे, जहां पर गुरु नानक देव जी ने आरती की थी। उन्होंने कहा उनकी गुरुद्वारा कमेटी भी पूरा सहयोग करेंगी। श्रद्धालु सेवा या जानकारी के लिए उनसे संपर्क कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *