भास्कर न्यूज|चिल्फी घाटी रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे- 30 पर चिल्फी पेट्रोल पंप के सामने सड़क हादसे में एक स्कूटी चालक घायल हो गया। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, स्कूटी चालक कृष्णा उर्फ जगेश्वर को हादसे में हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची। 112 वाहन चालक मुकेश मग्रे और आरक्षक अजय चंद्रवंशी ने तत्परता दिखाते हुए घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिल्फी पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति सामान्य है और खतरे से बाहर है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


