बेमेतरा| शहर स्थित मां भद्रकाली मंदिर में चैत्र नवरात्रि को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। आचार्य पंडित रामकुमार शास्त्री के नेतृत्व में बसंतीय नवरात्रि के आयोजन की रूपरेखा तय की जा रही है। संस्थान के कोषाध्यक्ष महेश शर्मा ने बताया कि 19 मार्च को ब्रह्म मुहूर्त में ज्योति प्रज्वलन के साथ नवरात्रि का शुभारंभ होगा। 23 मार्च को पंचमी व 26 मार्च को अष्टमी पर विशेष पूजन कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से मंदिर परिसर में आयोजित किए जाएंगे। 27 मार्च को रामनवमी का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि तेल ज्योति के लिए लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। मंदिर परिसर में साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में मनोकामना ज्योति कलश की स्थापना की जाएगी। श्रद्धालु कलश स्थापना के लिए संस्थान के पदाधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। मंदिर परिसर में भक्तों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।


