नवापारा भेण्डरी| राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के तहत भेण्डरी पंचायत सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में भेण्डरी, चंदना, चंद्रसुर, नवागांव, परसट्टी एवं परेवाडीह सहित छह ग्राम पंचायतों के लगभग 50 पंचों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में त्रिस्तरीय पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों, कर्तव्यों एवं अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र का संचालन पंचायत विभाग मगरलोड के ट्रेनर जीव राखन साहू एवं ट्रेनर गीतिमा साहू द्वारा किया गया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक अंकेक्षण तथा जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों से फीडबैक भी लिया गया, जिसमें पंचों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर पंचों ने शासन से मानदेय में वृद्धि की मांग भी रखी, ताकि वे और अधिक प्रभावी ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। कार्यक्रम में भेण्डरी उपसरपंच राधे पटेल, परेवाडीह उपसरपंच मदन यदु, परसट्टी के संतराम साहू सहित पंचगण नंदू सेन, लेखराम साहू, यशवंत यादव, पिंटू सिन्हा, राजू साहू, भगवान दास साहू, शारदा साहू, डोमार सिन्हा आदि उपस्थित रहे।


