ऑनलाइन जुए की लत लगवाकर 3 लाख की ठगी, ज्वेलर पर केस

भास्कर न्यूज |लुधियाना ऑनलाइन जुए के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता गौरव सूद वासी माधोपुरी ने ज्वेलर मनी भंडारी वासी न्यू किचलू नगर और उसके परिजनों पर अपने भाई को ऑनलाइन गेमिंग की लत लगाकर पैसे ऐंठने का आरोप लगाया है। गौरव सूद ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में बताया कि मनी भंडारी की फाउंटेन चौक पर ज्वेलरी की दुकान है और पहले से आपसी जान-पहचान थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर मनी भंडारी ने गौरव के भाई सौरव सूद को ऑनलाइन गेमिंग एप से जोड़ा और उसे खेलने के लिए आईडी उपलब्ध करवाई। पुलिस जांच में सामने आया है कि सौरव सूद से अलग-अलग तारीखों में बैंक ट्रांसफर के जरिए करीब 3 लाख रुपए लिए गए। इनमें 4 मई 2020 को 30 हजार, 5 अक्टूबर 2023 को 50 हजार और 6 अक्टूबर 2023 को 1.50 लाख व उसी दिन 1 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। ये पैसे ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लिए गए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसे इस बात का पता चला तो उसने विरोध किया, लेकिन आरोपी पक्ष ने उल्टा धमकियां देनी शुरू कर दीं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पास ऑनलाइन जुआ या गेमिंग चलाने का कोई लाइसेंस नहीं है। एसीपी साइबर क्राइम की रिपोर्ट में माना गया है कि आरोपी ने धोखे से विश्वास में लेकर पैसे हड़पे हैं। मामले को डीए लीगल को भेजा गया था ताकि कानूनी राय लेकर एफआईआर दर्ज की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानूनी राय मिलने के बाद थाना डिवीजन-3 में केस दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *