अलवर में पत्नियों को ससुराल में लेने आए दो युवकों और उनके परिजनों से पीहर पक्ष ने मारपीट की। शहर के अंबेडकर नगर समोला में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे यह घटना हुई। चांदोली के रोजाका गांव से फजरू और उसका भाई उमर अपनी पत्नियों साहिल और मनीषा को लेने के लिए समोला पहुंचे थे। दोनों युवक थार और बोलेरो गाड़ियों में 10 लोगों के साथ आए थे। साहिल और मनीषा का तीन साल पहले गोना हुआ था। आरोप है कि ससुराल पक्ष वाले उनके 20 लाख रुपए की मांग करते और उन्हें मारते थे। इससे परेशान होकर तीन महीने पहले दोनों महिलाएं विवाद के बाद पीहर आ गई थीं। उनके पति उन्हें लेने आए तो पत्नियों ने साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हो गई। पीहर पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हमला कर दिया। युवकों की गाड़ी से मिले डंडे और पिस्तौल
घटना के बाद उमर, फजरू और उनके साथी वहां से भाग निकले, लेकिन उनकी थार गाड़ी मौके पर ही रह गई। गुस्साए लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। वहीं पुलिस को थार की तलाशी लेने पर एक देसी पिस्तौल और 10-12 डंडे बरामद हुए। सूचना पर अरावली विहार और वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में किए। अरावली विहार थाने के सब इंस्पेक्टर भगवान सहाय ने बताया- उमर, फजरू और उनके साथियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार- साहिल और मनीषा की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। वहीं तीन साल पहले उनका गोना हुआ था। आरोप है कि ससुराल पक्ष लंबे समय से 20 लाख रुपए की मांग कर रहा था और मारपीट करता था।


