भास्कर न्यूज | अलवर ऊंट पर सवार सेठानी के साथ एक मार्च को नगर सेठजी पैदल चलते हुए दुकानदारों से उधारी मांगने के लिए निकलेंगे। सेठजी व मुनीम शहर के दुकानदारों से उधार की रकम ब्याज सहित मांगेंगे। शहर के दुकानदार उनकी आवभगत करेंगे और स्वागत करेंगे। उधार चुकाने के बजाय सेठजी व उनके साथ आए लोगों को मिठाई व ठंडाई पिलाकर वापस भेज देंगे। जिस दुकान पर सेठजी रुकेंगे, वहां दुकानदारों की भीड़ होगी। यहां न तो सेठ असली है और न ही सेठानी। यह पहल सेवा संस्थान की ओर से निकाला जाने वाला स्वांग है। इसका आयोजन कई सालों से हो रहा है। शहर के लोग होली के मौके पर इसका इंतजार करते हैं। पहल सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष मनोज चौहान ने बताया कि स्वांग काशीराम के चौराहा स्थित मंदिर से सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। यहां मंदिर में सेठ-सेठानी गौरी पूजन करेंगे। इसके बाद बाजारों में उधारी मांगने निकलेंगे। स्वांग में शामिल फकीरी व सेठजी के बीच संवादों का आदान-प्रदान होगा। स्वांग में सेठ की भूमिका शंकर लाल सैनी, सेठानी की भूमिका हरि, मुनीम की भूमिका नरेश सैनी तथा फकीर की भूमिका लोकेश निभाएंगे। अध्यक्ष जितेंद्र गोयल, सुनील चौधरी, लक्ष्मीनारायण गुप्ता सहयोग करेंगे।


