जल्द आधार से लिंक कराएं बैंक खाता, ताकि मार्च 2026 में पहली किस्त सीधे खाते में आ सके : आयुक्त

भास्कर न्यूज | अमृतसर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की ओर से शुक्रवार को निधि आपके निकट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम होटल ताज स्वर्णा, मेडिकल एन्क्लेव और जिला तरनतारन के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल स्कूल, वरपाल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नियोक्ता, कर्मचारी और पेंशनभोगी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवॉय) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि यह योजना 15 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 तक लागू रहेगी। मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में यह 4 वर्ष और अन्य संस्थानों में 2 वर्ष तक प्रभावी रहेगी। एक लाख रुपए तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को एक महीने का वेतन (अधिकतम 15 हजार रुपए) दो किस्तों में दिया जाएगा। साथ ही नए कर्मचारियों को नियुक्त करने वाले नियोक्ताओं को 3 हजार रुपए प्रतिमाह तक सहायता मिलेगी। सरकार ने इस योजना के लिए लगभग एक लाख करोड़ रुपए का बजट तय किया है, जिससे साढ़े तीन करोड़ नौकरियां सृजित होने की संभावना है। आयुक्त ने बताया कि कई लाभार्थियों के बैंक खाते अभी तक डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के लिए आधार से लिंक नहीं हैं। सभी से अपील की गई कि बैंक खाता जल्द से जल्द आधार से लिंक करवाएं, ताकि मार्च 2026 में पहली किस्त सीधे खाते में आ सके। कार्यक्रम में कर्मचारी नामांकन अभियान 2025 की भी जानकारी दी गई। यह विशेष अभियान 1 नवंबर 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इसके तहत नियोक्ता 1 जुलाई 2017 से 31 अक्टूबर 2025 के बीच छूटे हुए पात्र कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से ईपीएफ में शामिल कर सकते हैं। कार्यक्रम में मौके पर शिकायतों का निपटारा भी किया गया। फरवरी 2026 में 8899 दावों का निपटारा किया गया, जिनमें से 8146 दावे 10 दिनों के भीतर सुलझाए गए। साथ ही 90 नए पेंशनधारकों को पेंशन स्वीकृत की गई और 27,192 पेंशनभोगियों को भुगतान किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *