भास्कर न्यूज | अमृतसर बाजार सिरकी बंदा स्थित शिवाला गंगाराम में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर के प्रधान अमन मेहरा और उपप्रधान राजेश कपूर की अध्यक्षता में इलाके के शिव भक्तों के सहयोग से निकली शोभायात्रा में पूर्व उपमुख्यमंत्री ओमप्रकाश सोनी, पार्षद विकास सोनी, अरुण कुमार पप्पल समेत कई नेता महादेव का आशीर्वाद लेने पहुंचे। शोभायात्रा शुरू करने से पहले मंदिर के पंडितों ने शिव के जंगमों के साथ मिलकर अराधना गाई। फूलों से सजी पालकी पर बाबा भोलेनाथ का शिवलिंग विराजमान कर आरती उतारी। वहीं सारे मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया। बैंड-बाजे और ढोल के साथ निकाली शोभायात्रा के आगे-आगे गतका वाले गतका के जौहर दिखा रहे थे। भगवा रंग के वस्त्र धारण किए शिव भक्त त्रिशूल पकड़ कर आगे-आगे चलते रहे। इस शोभायात्रा में बाबा भोलेनाथ, राधा-कृष्ण समेत कई सुंदर झांकियां सजाई गईं। शोभायात्रा में मंदिर कमेटी और शिव भक्तों ने महादेव को गुलाल लगाकर गुलाल उड़ाया और होली उत्सव का आगाज किया। मंदिर से शुरू होकर शोभायात्रा कटड़ा दुलो, ढाब खटीका, लोहगढ़ गेट, गलियां कसेरियां, टेलीफोन एक्सचेंज, कर्मों ड्योढ़ी, शास्त्री मार्केट, गुरु बाजार, चौक चौरस्ती अटारी, लोहा मंडी, मिश्री बाजार, काली माता मंदिर, कटड़ा भाई संत सिंह, बाजार खिलौना से होती शाम को मंदिर परिसर में वापस पहुंची। शाम को मंदिर कमेटी ने मिलकर शिव विवाह पढ़ा। इस मौके पर दीनदयाल, अजय मेहरा, विक्रम कपूर, लक्ष्य कपूर, कुणाल, अमित, साहिल, यशपाल, राजेश कुमार, विक्रम कपूर आदि मौजूद थे। भगवान शिव पार्वती-माता की सजी झांकी। (दाएं) शिव आराधना करते शिव के जंगम।


