जालंधर | फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों को बेल दिलाने के मामले में थाना बारादरी पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार, माननीय एजेएस जसविंदर सिंह की अदालत में पेश किए गए बेल संबंधी दस्तावेजों की जांच के दौरान वे नकली पाए गए। इस पर जज ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। कोर्ट के रीडर के बयानों पर थाना बारादरी में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। थाना सदर के इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने बताया कि पहले गैंग में शामिल नवीन सैनी, अवजिंदर सिंह, इकबाल सिंह (सभी निवासी हरगोबिंद नगर) और वरुण कटोच के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे गैंग में गौरव निवासी करतार नगर, मीनू कुमारी निवासी भार्गव कैंप और साहिल निवासी भार्गव नगर को नामजद किया गया है। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर अदालत को गुमराह करने की कोशिश की। फिलहाल सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।


