विधानसभा में बजट 2026-27 के वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के विकास का रोडमैप रखा। इस चर्चा में झुंझुनूं जिले के लिए मुख्यमंत्री ने विकास की कई घोषणाएं की। जिले में विशेष रूप से खेतड़ी, सूरजगढ़, मंडावा और नवलगढ़ के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होगा। खेतड़ी: स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम मुख्यमंत्री की घोषणाओं में खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे रहा। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करते हुए सीएम ने कई सौगातें दीं। ट्रोमा सेंटर की स्थापना: खेतड़ी के उप जिला अस्पताल में अब अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं और इमरजेंसी के समय मरीजों को तुरंत इलाज मिल सकेगा। बबई कॉलेज में विज्ञान संकाय: राजकीय कन्या महाविद्यालय बबई की छात्राओं के लिए अब विज्ञान की पढ़ाई का रास्ता साफ हो गया है। यहां नया विज्ञान संकाय (Science Faculty) शुरू करने की घोषणा की गई है। शहरी जल योजना गोठड़ा: पेयजल संकट को दूर करने के लिए गोठड़ा जल योजना के पुनरुद्धार के लिए 5 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। सूरजगढ़ और नवलगढ़: सुधरेगा सड़कों का जाल सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने 9.98 करोड़ रुपये की लागत से एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की घोषणा की। गाडाखेड़ा-शाहपुर-श्यामपुरा-मैनाना-पालोता-बुहाना सड़क: इस 12.5 किमी लंबी सड़क का अब चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। नवलगढ़ में मिसिंग लिंक: नवलगढ़ क्षेत्र में विभिन्न मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे ग्रामीण इलाकों का संपर्क शहरों से सुगम हो जाएगा। पशुपालन और ग्रामीण विकास ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ ‘पशुपालन’ को बढ़ावा देने के लिए मंडावा क्षेत्र के शेखरसर स्थित पशु चिकित्सा उपकेन्द्र को अब पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत (Upgrade) किया जाएगा। इससे स्थानीय पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। एक नज़र में: झुंझुनूं जिले की मुख्य बजट खेतड़ी | उप जिला अस्पताल में ट्रोमा सेंटर चिकित्सा सेवाओं में विस्तार बबई (खेतड़ी) कन्या महाविद्यालय में विज्ञान संकाय छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा | गोठड़ा (खेतड़ी) शहरी जल योजना का पुनरुद्धार | 5 करोड़ रुपये सूरजगढ़ बुहाना-गाडाखेड़ा मार्ग चौड़ीकरण 9.98 करोड़ रुपये (12.5 KM) नवलगढ़ विभिन्न मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण 10 करोड़ रुपये शेखरसर (मंडावा) पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नयन पशु चिकित्सा सेवाओं का विस्तार


