प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के बेहतर संचालन और प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को रायपुर कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने योजना के तहत मिले आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, सब्सिडी की स्थिति और लगाए गए सोलर रूफटॉप सिस्टम की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकवार लक्ष्य की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र लोगों को ऋण देने में देरी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई। बैंक की योजना को गंभीरता से लेने और लोगों को सही जानकारी देने के निर्देश दिए गए। गांव और वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे डॉ. सिंह ने कहा कि, ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजना का लाभ मिले। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। गांव और वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएं और योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाया जाए। तकनीकी स्वीकृति, ऋण स्वीकृति और सब्सिडी देने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी काम तय समय में पूरे किए जाएं। बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी बैंक और संबंधित विभाग हर सप्ताह अपनी प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय में जमा करेंगे। इससे योजना की लगातार निगरानी हो सकेगी और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलेगा। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एलडीएम मोहम्मद मोफिज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जिले के सभी बैंकों के प्रतिनिधि, बिजली विभाग के अधिकारी और संबंधित विभागों के कर्मचारी शामिल हुए।


