आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं से कराई सफाई और पेंटिंग:छज्जे में चढ़कर गंदगी निकाली, दीवारों को रंगा, रायगढ़ में वार्डन बोलीं- प्यून ने करवाया

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कन्या छात्रावास की छात्राओं से रंगाई-पुताई कराए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो वायरल है, जिसमें लड़कियां हॉस्टल के कमरे की पुताई करते दिख रही हैं। वहीं छात्राएं छज्जे की सफाई कर गंदगी निकालते हुए भी नजर आईं। वीडियो वायरल होने के बाद आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला लैलूंगा ब्लॉक के कोड़सिया में प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का है। वहीं हॉस्टल वार्डन ने कहा कि उनकी गैरमौजूदगी में प्यून ने बच्चों से काम कराया है। मामले की सच्चाई जानने के लिए जिला प्रशासन ने 3 सदस्यीय जांच समिति बनाई है। कलेक्टर कार्यालय (आदिवासी विकास शाखा) के आदेश के मुताबिक समिति में धर्मेन्द्र सिंह बैस, धनेश्वरी सिदार और उमेश पटेल को शामिल किया गया है। यह समिति 28 फरवरी 2026 को छात्रावास पहुंचकर मौके पर जांच करेगी और अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। पहले देखिए ये तस्वीरें- अब जा​निए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक, लैलूंगा ब्लॉक के कोड़सिया में एक प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास है। इसमें लगभग 40-45 छात्राएं रहती हैं, जो 6वीं से 10वीं तक की स्टूडेंट हैं। ये लड़कियां आसपास के गांवों की हैं। बताया जा रहा है कि हर साल छात्रावास के रख-रखाव के लिए 25 हजार रुपए आते हैं। इस बार छात्रावास की रंगाई-पुताई का काम किया जा रहा था। इसी बीच एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें हॉस्टल की लड़कियां रंगाई-पुताई करते दिख रही हैं। कुछ लड़कियां बाल्टी में रंग घोल रही हैं, जबकि कुछ ऊपर चढ़कर कमरे की दीवारों की पुताई कर रही हैं। वीडियो में इस दौरान कोई छात्रावास का अधिकारी या कर्मचारी दिखाई नहीं दे रहा है। छज्जे पर चढ़कर सफाई कर रही वीडियो के साथ-साथ छात्राओं की फोटो भी वायरल हो रही है। फोटो में वे छज्जे की सफाई करती नजर आ रही हैं। कई दिनों से सफाई न होने के कारण उसमें जमी गंदगी लड़कियां निकाल रही हैं। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब वहां मौजूद किसी लड़की ने रंगाई-पुताई करने का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। प्यून ने बच्चों से कराया काम- हॉस्टल वार्डन वहीं हॉस्टल वार्डन पूर्णिमा चौहान ने बताया कि छात्रावास बिल्डिंग की रंगाई-पुताई के लिए मजदूर लगाया गया था। मजदूर जब पोताई कर चले गए तो कीचन का थोड़ा काम बचा था। इस दौरान उन्होंने हॉस्टल के कर्मचारी से कहा कि कीचन की साफ सफाई कर देना। उसके बाद वह कुछ सामान लेने चले गई। उनकी गैरमौजूदगी में प्यून ने बच्चों से काम करा लिया। उस दौरान का यह वीडियो है। टीम मौके पर जांच के लिए जाएगी आदिवासी विकास विभाग के क्षेत्र संयोजक धर्मेन्द्र बैस ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। सहायक आयुक्त द्वारा मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच टीम मौके पर जाकर पूरी जानकारी लेगी। जिसके बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। ……………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें शाला प्रवेश उत्सव…पहले दिन स्कूली बच्चों ने लगाया झाड़ू-पोछा, VIDEO:महासमुंद में स्टूडेंट्स ने फावड़ा चलाकर निकाली घास; डीईओ ने दिए जांच के आदेश छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शिक्षा सत्र के पहले दिन ही बच्चों से साफ सफाई करवाई गई है। बागबाहरा ब्लॉक के भिलाईदादर के शासकीय प्राथमिक शाला में स्कूल के पहले दिन बच्चे झाड़ू-पोछा लगाते दिखे। वहीं, फावड़ा चलाकर घास भी हटाया गया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जो अब वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *