राजस्थान रोडवेज:वॉल्वो बस में मिलेगा चाय-नाश्ता, जयपुर से पिलानी, दिल्ली और जोधपुर रूट पर ट्रायल

राजस्थान की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अब प्रीमियम अनुभव की ओर कदम बढ़ा रही है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने अपनी वातानुकूलित वॉल्वो बसों में चाय, नाश्ता, पैकेज्ड पानी और हेल्दी फूड सर्व करने की ट्रायल सेवा शुरू की है। फिलहाल यह सुविधा जयपुर मुख्यालय से पिलानी, दिल्ली और जोधपुर रूट पर संचालित वॉल्वो बसों में दी जा रही है। ट्रायल सफल रहा तो इसका विस्तार बीकानेर सहित अन्य शहरों तक किया जाएगा। अब तक यात्रियों को ऐसी सुविधाएं लंबी दूरी की ट्रेनों, वंदे भारत एक्सप्रेस और हवाई सफर के दौरान ही मिलती थीं। बस यात्रियों को अक्सर बीच रास्ते ढाबों पर महंगी और कम गुणवत्ता वाला चाय-नाश्ता खरीदना पड़ता था। नई व्यवस्था के तहत रोडवेज स्वयं वाजिब कीमत पर गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाएगा। बीकानेर से फिलहाल जयपुर रूट पर तीन वातानुकूलित बसें संचालित हैं, जिनमें एक वॉल्वो बस जयपुर डीलक्स डिपो की है। यात्रियों को उम्मीद है कि यह सुविधा जल्द ही इन बसों में भी शुरू होगी। सफर का स्तर बदलेगा, भरोसा बढ़ेगा रोडवेज प्रबंधन का मानना है कि प्रतिस्पर्धा के दौर में बस सेवा को केवल परिवहन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। यात्रियों को बेहतर अनुभव देना जरूरी है। यही वजह है कि अब बसों में ऑन बोर्ड सर्विस की शुरुआत की गई है। इस पहल से यात्रियों को दोहरा लाभ मिलेगा। पहला-तय दर पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन। दूसरा-सफर के दौरान अनावश्यक रुकावटों में कमी। इससे समय की बचत भी होगी और सफर अधिक आरामदायक बनेगा। यदि यह मॉडल सफल रहता है तो प्रदेशभर की वातानुकूलित बसों में इसे लागू किया जाएगा। अब बच्चों के साथ सफर आसान
“पहले बस रुकने पर ढाबों पर साफ-सफाई और कीमत को लेकर चिंता रहती थी। अगर बस में ही अच्छी क्वालिटी का नाश्ता मिलेगा तो यह हमारे लिए बड़ी राहत है, खासकर बच्चों के साथ यात्रा करने में। रोडवेज की यह पहल संकेत दे रही है कि अब बस यात्रा भी ट्रेन और एयरलाइन सेवाओं की तरह सुविधाजनक और भरोसेमंद बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।” – सुशीला शर्मा, भीनासर “फिलहाल जयपुर से चलने वाली वॉल्वो बसों में ट्रायल के रूप में यह सेवा शुरू की गई है। यदि ट्रायल सफल रहता है तो बीकानेर सहित अन्य रूटों पर भी इसे लागू किया जाएगा।”
-हेमेंद्र सिंह गहलोत, मुख्य प्रबंधक (डीलक्स डिपो) जयपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *